नई दिल्ली: भोजपुरी एक्टर खेसारी लाल यादव (Khesari Lal Yadav) को लेकर बिग बॉस 13 (Bigg Boss 13) के घर से बड़ी खबर आ रही है. खबर यह है कि खेसारी लाल यादव घर से बिग बॉस द्वारा बेघर कर दिए गए हैं. इस बात की जानकारी बिग बॉस खबरी के इंस्टाग्राम पेज पर दी गई है. बताया जा रहा है कि घर में मौजूद सदस्यों द्वारा की गई वोटिंग के आधार पर आज के एपिसोड में खेसारी लाल यादव घर से बेघर हो जाएंगे. उन्हें उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाने के कारण बिग बॉस की टीम ने यह फैसला लिया. ऐसी खबरें मीडिया में चल रही हैं.
खबरों के मुताबिक, खेसारी लाल यादव (Khesari Lal Yadav) को यूपी, बिहार और झारखंड से बहुत ज्यादा वोट मिल रहे थे. इस हिसाब से वो घर से बेघर नहीं हो सकते थे. इसलिए घर के सदस्यों से वोटिंग कराकर उन्हें बिग बॉस 13 (Bigg Boss 13) के घर से बेघर किया गया है. खेसारी लाल यादव के बाहर होने से बिहार और यूपी के उनके फैन्स को बहुत बड़ा झटका लगेगा. बिग बॉस ने घर के सदस्यों से पूछा कि शो में सबसे कम किसका योगदान है. इस पर ज्यादातर सदस्यों ने खेसारी लाल यादव का नाम लिया.
खेसारी लाल यादव (Khesari Lal Yadav) को ‘वीकेंड के वार’ से पहले ही बिग बॉस 13 (Bigg Boss 13) से बेघर करना थोड़ा समझ से परे हैं. लेकिन सलमान खान (Salman Khan) ने भी उन्हें इसके लिए कई कहा था कि आप शो में नहीं दिख रहे हैं. बार-बार बोलने के बावजूद घर में खेसारी लाल यादव खोए-खोए से रहते थे. शायद यही वजह है कि बिग बॉस ने यह फैसला लिया. बता दें कि खेसारी लाल यादव भारत के प्रसिद्ध भोजपुरी गायक और अभिनेता हैं. खेसारी को पहली सफलता अपने भोजपुरी एल्बम ‘माल भेटाई मेला’ से मिली थी. 2012 में आई अपनी पहली फिल्म ‘साजन चले ससुराल’ से वो रातो रात भोजपुरी फिल्म जगत के सितारे बन गए.