नई दिल्ली: देश भर के डांस के दीवानों के फेवरेट रिएलिटी शो ‘डांस इंडिया डांस के 7वें सीजन का ग्रैंड फिनाले हो चुका है, इस बार डांसरों के सरताज बना है ‘अनरियल क्रू’. शो में ‘नॉर्थ के नवाब’ नाम की इस टीम ने इस जीत के साथ लाखों रुपए भी जीते हैं. इस ग्रैंड फिनाले में करीना कपूर खान प्रियंका चोपड़ा टैरेंस के साथ सभी जजों ने भी जमकर मस्ती की.
जीटीवी के मशहूर डांसिंग रिएलिटी शो ‘डांस इंडिया डांस 7 सीजन के ग्रैंड फिनाले रविवार रात हुआ. इस सीजन को अनरियल क्रू ने जीत लिया है. उन्होंने इस खिताब के साथ पांच लाख रुपए भी जीत लिए हैं.
शो के फिनाले में करीना कपूर तो अपने स्टाइलिश अंदाज में थी ही साथ ही प्रियंका चोपड़ा जोनस का भी खास अवतार देखने को मिला. वैसे तो करीना कपूर इस शो में जब भी नजर आईं उनकी तस्वीरें वायरल होने लगती थी. लेकिन फिनाले में उनका ड्रेस वाकई कहर ढा रहा था.
शो के फिनाले में चार टीमों के बीच घमासान मुकाबला देखने को मिला. इन टीमों में मुकुल जैन ( इस्ट के टाइगर), अनरियल क्रू ( नॉर्थ के नवाब), आई एम हिप हॉप (साउथ के थलाइवन्स) और कुलदीप-प्रांशू ( वेस्ट के सिंघम) थे.
इन चार दमदार टीम को जज करने के लिए जजेस की पैनल भी काफी दमदार थी. इस पैनल में करीना कपूर खान के साथ ही साथ रफ्तार और बॉस्को शामिल थे. साथ ही स्पेशल गेस्ट के तौर पर प्रियंका चोपड़ा भी नजर आईं. प्रियंका यहां अपनी आगामी फिल्म ‘द स्काई इज पिंक’ के प्रमोशन के लिए पहुंची थी.
इस ग्रैंड फिनाले में जहां चारों टीमों के शानदार डांस देखने को मिले वहीं कोरियोग्राफर टेरेंस लुईस ने भी जानदार परफॉर्मेंस दी थी. शो की जज करीना कपूर खान ने ‘दबंग 2’ के सुपरहिट डांस नंबर ‘फेविकोल’ पर धमाकेदार परफॉर्मेंस दी.