दून में भवन निर्माण की सोच रहें है तो पहले देख लें नया मास्टर प्लान
जल्द लागू होने वाला है एमडीडीए का नया मास्टर प्लान 2041, सीटीपी ने भेजी सभी आपत्तियां
यदि आप दून में जमीन खरीदने की सोच रहे हैं या भवन निर्माण की तैयारी कर रहे हैं तो यह खबर आपके काम आ सकती है। क्योंकि, अब निकट भविष्य में वर्ष 2041 तक भवन का निर्माण व जमीन के उपयोग का नियम एमडीडीए के नए जीआईएस आधारित मास्टर प्लान से ही होगा।

वर्ष 2041 तक के निर्माण की दशा-दिशा तय करने वाले मास्टर प्लान को लागू करने के लिए अब एमडीडीए गंभीर नजर आ रहा है।एमडीडीए की मांग पर मुख्य नगर एवं ग्राम नियोजक ने प्राप्त आपत्तियों को सूचीबद्ध करते हुए सुनवाई के लिए भेज दिया है। अब एमडीडीए जोनवार तिथि तय करते हुए आपत्तियों पर सुनवाई शुरू करेगा। मुख्य नगर एवं ग्राम नियोजक शशि मोहन श्रीवास्तव के मुताबिक अप्रैल माह में जीआइएस आधारित मास्टर प्लान-2041 के ड्राफ्ट को सार्वजनिक किया गया था। इस पर जनता से आपत्तियां मांगी गई थी। मास्टर प्लान प 30 दिन तक आपत्तियां और सुझाव मांगे गए। इसके बाद सभी आपत्तियों को एकत्रित किया गया। इस दौरान 800 से अधिक आपत्तियां और सुझाव प्राप्त किए गए।