प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 35 जिलों को आंगनबाड़ी केंद्रों की सौगात दी है। उन्होंने 403 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले 3401 आंगनबाड़ी केंद्र के भवनों का शुक्रवार को यहां पुलिस लाइन में आयोजित एक समारोह में शिलान्यास किया।
इसी कड़ी में मुख्यमंत्री ने कंपोजिट विद्यालय में बच्चों को खुद अपने हाथों से भोजन परोसकर हॉट कुक्ड मील का भी शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को चॉकलेट और खिलौने वितरित किए। योगी ने अयोध्या पुलिस लाइन में बने 11 मंजिला दो आवासीय ट्रांजिट भवनों का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों में कुपोषण को जड़ से समाप्त करने का आह्वान किया। समारोह में प्रदेश की महिला कल्याण मंत्री बेबी रानी मौर्य, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह और राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला समेत अन्य मौजूद रहे।
बच्चों को मिलेगा राम का आर्शीवाद
इस मौके पर महिला कल्याण बाल विकास एवं पुष्टाहार कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा अयोध्या श्री राम की नगरी है। इस योजना का शुभारंभ यहां से होने से बच्चों को श्री राम का आशीर्वाद मिलेगा। यह योजना बेसिक शिक्षा विभाग, पंचायती राज विभाग, स्वास्थ विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग के संयोजन से योजना संचालित होगी।
हनुमान गढ़ी पहुंचे सीएम
सीएम इसके बाद अयोध्या हनुमान गढ़ी मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने पूजा अर्चना की। हनुमान गढ़ी में उन्होंने संतों और पुजारियों से मुलाकात की। हनुमान गढ़ी के बाद सीएम रामलला के दर्शन करने के लिए राम मंदिर रवाना हो गए।
सीएम ने देखी राम मंदिर निर्माण की प्रगति
सीएम योगी आदित्यनाथ ने हनुमानगढ़ी पहुंचकर हनुमंतलला के दरबार में हाजिरी लगाई। हनुमान जी की आरती पूजा के बाद वे सीधे रामलला के दरबार पहुंचे। उन्होंने रामलाल की पूजा आरती करने के बाद निर्माणाधीन राम मंदिर का भी दर्शन किया। मंदिर निर्माण के लिए चल रहे कार्यों की प्रगति देखी। इंजीनियरों ने उन्हें मंदिर की प्रगति से अवगत कराया। मंदिर निर्माण कार्य देखकर वे खुश नजर आए और इंजीनियरों की पीठ भी थपथपाई। दोपहर 12:28 बजे बड़ा भक्तमाल आश्रम पहुंचे। वह यहां एक धार्मिक अनुष्ठान में शामिल हुए। मंदिर में विराजमान भगवान सीता वल्लभ को सोने का मुकुट धारण कराया।